भारत से रारा ताल, मुगु नेपाल कैसे पहुँचें — पूरी गाइड

रारा ताल के बारे में

नेपाल का पश्चिमी प्रदेश कर्णाली दुर्गम परिवेश और अलौकिक सुंदरता से भरपूर है। सड़क मार्ग की कमी और मुख्यधारा से कटे होने के कारण बहुत से पर्यटकों को इसकी सुंदरता का अहसास ही नहीं है, और शायद यही वजह है कि यहाँ पहुँचना ही किसी रोमांच से कम नहीं है।

चुनौतीपूर्ण और रोमांचक यात्राएँ पसंद करने वालों के लिए रारा की यात्रा जीवनपर्यंत याद रहने वाला अनुभव होने वाली है, क्योंकि यहाँ के रास्ते और पैदल मार्ग आपको थका सकते हैं। यह ब्लॉग विशेषकर उन्हीं खोजी और एडवेंचर पसंद लोगों के लिए है जो भारत से रारा ताल, मुगु नेपाल की यात्रा करना चाहते हैं, या जो मुझसे YouTube पर पूछते हैं कि भारत से रारा ताल कैसे पहुँचें।

कर्णाली प्रदेश के सभी ज़िले अपने प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विविधता और सांस्कृतिक प्राचीनता के जीवंत उदाहरण हैं। यहाँ नेपाल की दो विश्व-प्रसिद्ध झीलें हैं — पहली, समुद्र तल से 3,611 मीटर की ऊँचाई पर स्थित, नेपाल की सबसे गहरी और सबसे सुंदर झीलों में से एक, फोक्सुन्दो ताल, जो डोल्पा ज़िले में है। और दूसरी, क्षेत्रफल की दृष्टि से नेपाल की सबसे बड़ी झील, तिब्बत सीमा से लगे मुगु ज़िले में स्थित रारा ताल।

रारा ताल लगभग 2990 मीटर की ऊँचाई पर बसा है तथा रारा नेशनल पार्क के संरक्षित क्षेत्र में आता है। इसका विशाल आकार, नीला पानी, चारों ओर देवदार के घने जंगल और उनके पीछे बर्फ़ से ढँकी पहाड़ों की दीवारों का दृश्य किसी काल्पनिक कथा के परिदृश्य जैसा मालूम होता है।

रारा ताल का सुन्दर दृश्य

इसका पानी इतना साफ़ और शीशे जैसा पारदर्शी है कि किनारों पर तैरती मछलियाँ दूर से भी दिखाई दे जाती हैं, और संरक्षित क्षेत्र में होने की वजह से वे बिना किसी खतरे के स्वच्छंद होकर अठखेलियाँ करती हुई अक्सर दिख जाती हैं। रारा की यात्रा के बारे में मैं यह निश्चित तौर पर कह सकता हूँ कि यह आपको प्रकृति की विशालता और उसके समक्ष हम मनुष्यों की तुच्छता का आभास कराती है। और यदि आपको अकेले यात्राएँ करना पसंद है, तो यह आपको स्वयं को और करीब से जानने का मौका देती है।

मैंने खुद बाइक से रारा ताल की यात्रा अक्तूबर 2025 में की थी। मैंने अपनी इस यात्रा की कहानी विस्तार से साझा की है और उसी अनुभव के आधार पर मैंने यह ब्लॉग लिखा है, जिसमें मैंने कोशिश की है कि आपको पूरी जानकारी आसान हिंदी में मिल सके।

रारा जाने का सही समय

अगर आप रारा ताल जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ठंड और बरसात के मौसम को छोड़कर कभी भी जा सकते हैं। दिसंबर से फ़रवरी तक यहाँ के रास्ते बर्फ़ से ढँके होने के कारण बंद रहते हैं, और बरसात के मौसम में लगातार बारिश से रास्तों में जलभराव, भूस्खलन और कीचड़ होने की वजह से यात्रा जोख़िम भरी हो जाती है।

अगर आप पहाड़ों पर बर्फ़ देखना चाहते हैं तो मार्च में भी जा सकते हैं, लेकिन पिघलती बर्फ़ की वजह से रास्तों पर कीचड़ या फिसलन हो सकती है। अप्रैल से जून तक का समय भी अच्छा रहता है — मौसम साफ़ रहता है, बारिश की संभावना कम होती है और तापमान भी बढ़ जाता है, तो आपको बहुत ठंड नहीं लगेगी।

मेरा सुझाव है कि अगर आप बिलकुल साफ़ और सूखी सड़क पर चलना चाहते हैं, और साफ़ नीले आसमान के नीचे रारा ताल की ख़ूबसूरती निहारना चाहते हैं, तो मानसून के बाद और ठंड से पहले का समय, यानी सितंबर से नवंबर, सबसे उपयुक्त रहेगा।

रारा तक पहुँचने के तीन तरीके

रारा ताल पहुँचने के लिए आपको सबसे पहले उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले के रुपैडिहा में स्थित भारत-नेपाल सीमा से नेपाल में प्रवेश करना होगा। लखनऊ से रुपैडिहा की दूरी लगभग 185 किलोमीटर है, जहाँ तक उत्तर प्रदेश परिवहन की बस या निजी वाहन से 3-4 घंटे में पहुँचा जा सकता है।

रुपैडिहा पर भारत-नेपाल सीमा पार करके आप नेपालगंज पहुँचते हैं, जो रारा ताल तक पहुँचने के लिए एक मुख्य और अनिवार्य पड़ाव है। नेपालगंज से रारा ताल की दूरी लगभग 400 किलोमीटर है। यहाँ आप भंसार परमिट ले सकते हैं, भारतीय रुपये को नेपाली रुपए में बदल सकते हैं, और ज़रूरत हो तो नेपाली सिम कार्ड भी खरीद सकते हैं। यहीं से आपको रारा ताल के लिए मुगु जाने वाली बस और फ्लाइट भी मिल जाती है।

1. फ्लाइट से

हवाई मार्ग से रारा ताल पहुँचने के लिए आपको मुगु जिले के ताल्चा एयरपोर्ट आना होगा। नेपालगंज से ताल्चा एयरपोर्ट के लिए सीधी फ्लाइट मिल जाती है, या आप काठमांडू से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर भी वहाँ पहुँच सकते हैं। नेपालगंज से ताल्चा एयरपोर्ट पहुँचने में अधिकतम 1 घंटा लगता है, और एकतरफ़ा किराया लगभग 8,500-10,000 नेपाली रुपया रहता है।

ताल्चा एयरपोर्ट से रारा नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार तक गाड़ी से जाया जा सकता है, जिसकी दूरी लगभग 9 किलोमीटर है। वहाँ से आगे पैदल या घोड़े पर बैठकर 1-2 घंटे में रारा झील के किनारे बने होटल तक पहुँचा जा सकता है।

2. बस से

नेपालगंज से, या उसके पास स्थित कोहलपुर बस स्टैंड (जिसे नेपाली में बस पार्क भी कहते हैं) से, मुगु जिले के मुख्यालय गमगड़ी के लिए सीधी बसें मिलती हैं। यह सफ़र दो दिन का है, और किराया लगभग 2,500-3,000 नेपाली रुपया के बीच रहता है।

पहले दिन ये बसें नेपालगंज से छिन्चु, सुर्खेत, बड्डीचौर, दैलेख, राकम कर्णाली होते हुए मान्मा तक पहुँचती हैं। दूसरे दिन नाग्मा से आगे का रास्ता कच्चा, पथरीला और जोखिम भरा हो जाता है, जिसमें अधिक समय लगता है, और दूसरे दिन की शाम तक आप गमगड़ी पहुँचते हैं।

3. निजी वाहन (कार या बाइक) से

इस रास्ते पर मैं खुद बाइक से गया था, इसलिए नीचे भारत से बाइक से रारा ताल, मुगु की यात्रा करने की पूरी जानकारी दे रहा हूँ। परमिट से जुड़ी पूरी प्रक्रिया अगले सेक्शन में दी गई है।

बाइक से रारा ताल के रास्ते पर

बॉर्डर पर परमिट प्रक्रिया

रुपैडिहा बॉर्डर में प्रवेश करते ही वाहन का परमिट लेना ज़रूरी है। इसे भंसार कहा जाता है, और यह नेपाल में आपकी गाड़ी या बाइक चलाने का परमिट होता है। इसके लिए RC (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) दिखानी होती है, और बताना होता है कि आप कितने दिन नेपाल में रहेंगे।

  • बाइक से: परमिट शुल्क NPR 200 प्रति दिन
  • कार से: परमिट शुल्क NPR 1,500 प्रति दिन — सिर्फ़ 4×4 वाहन ले जाएँ, मौजूदा सड़क हालत में छोटी कार नहीं पहुँच पाएगी
  • एक बार में अधिकतम 30 दिन का परमिट मिलता है
  • रारा के लिए 6 दिन का परमिट पर्याप्त रहता है

परमिट खत्म होने से पहले बॉर्डर से बाहर निकलना अनिवार्य है। स्थानीय पुलिस रास्ते में कहीं भी चेकिंग कर सकती है।

यात्रा के लिए आवश्यक चेकलिस्ट

  • पहचान पत्र: ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पासपोर्ट (वैकल्पिक) या अन्य पहचान पत्र
  • बाइक के दस्तावेज़: रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस
  • बाइक की सर्विसिंग और बेसिक टूल किट साथ रखें, संभव हो तो ट्यूबलेस टायर वाली बाइक से जाएँ
  • नेपाल की सीमा में प्रवेश करने से पहले टैंक फुल करा लें
  • नेपाल का सिम कार्ड लें (वैसे ज़्यादातर होटलों और दुकानों में वाईफाई मिल जाता है)
  • पॉवर बैंक और टॉर्च रखें — वहाँ मौसम और बिजली दोनों का भरोसा नहीं
  • ट्रैकिंग शू और रेनकोट
  • नेपालगंज में कम-से-कम प्रति व्यक्ति 10,000 भारतीय रुपये नेपाली में एक्सचेंज कराकर रखें
  • अपने यूपीआई ऐप (PhonePe या Google Pay) में यूपीआई इंटरनेशनल पेमेंट एक्टिवेट करें, ताकि पेट्रोल पंप या होटल में यूपीआई से भुगतान कर सकें
  • दवाइयाँ (सिरदर्द, थकान, बुखार की), बिस्किट, चॉकलेट, एनर्जी बार, ग्लूकोज़ पाउडर, पानी की बोतल

नोट: नेपाल की सीमा में प्रवेश करते ही आप किसी भी स्थानीय दुकानदार, होटल या बैंक में जाकर भारतीय रुपये को नेपाली में एक्सचेंज करा सकते हैं। यात्रा में आगे बढ़ने पर आपको केवल नेपाली रुपया ही इस्तेमाल करना होगा।

6 दिन का इटिनरेरी

दिन 1: रुपैडिहा बॉर्डर, नेपालगंज से मान्मा

पहले दिन सुबह जल्दी निकलें। नेपालगंज से कोहलपुर, बबई, हर्रे, छिन्चु, सुर्खेत, बड्डीचौर होते हुए तल्लो डूंगेश्वर तक पहुँचें — यहाँ से आगे रास्ता कच्चा और पथरीला हो जाता है। इसके बाद साईंखोला, राकम कर्णाली होते हुए कालीकोट जिले के मान्मा तक पहुँचकर रात में रुकें।

भारत-नेपाल सीमा, रुपैडिहा बॉर्डर

2,033 मीटर की ऊँचाई पर बसा मान्मा कालीकोट जिले का मुख्यालय और एक बड़ा बाज़ार है। यहाँ का मौसम हमेशा ठंडा रहता है, और आपको ज़रूरत की सभी चीज़ें मिल जाएँगी। रारा के रास्ते पर मान्मा के आगे ऐसा बाज़ार फिर नहीं मिलेगा।

मान्मा, कालिकोट से शाम का नज़ारा

दिन 2: मान्मा से रारा ताल

अगले दिन का रास्ता ऊँचे पहाड़ों की खड़ी ढलान पर बने संकरे रास्तों से होकर जाता है, जिसे कर्णाली हाईवे कहते हैं और जो कई दशकों तक “हाईवे ऑफ़ डेथ” के नाम से कुख्यात रहा है। अब सड़क पहले से बेहतर है, फिर भी लगातार ऑफ़रोडिंग का सामना करना पड़ता है, इसलिए सतर्क होकर चलने की ज़रूरत है।

मान्मा से आगे तिलागुफा, नाग्मा तक पहुँचें — यहाँ से मुगु और जुमला के रास्ते अलग होते हैं। नाग्मा के बाद खूबसूरत सिंजा वैली से होते हुए आगे बढ़ें, जहाँ धान के लहलहाते खेत और उनके बीच बहती तिला कर्णाली नदी (कर्णाली की सहायक नदी) दिखती रहती है।

सिंजा वैली का सुन्दर दृश्य

सिंजा वैली में पांडव गुफा, कनकासुंदरी होते हुए बुलबुले होटल और चेकपोस्ट (करीब 3,300 मीटर) तक पहुँचें। यहाँ से हेयरपिन मोड़ों वाली कच्ची ढलान उतरकर रारा ताल के एंट्री पॉइंट, सल्लेरी गाँव, तक पहुँचें। दूसरे दिन की शाम किसी स्थानीय होटल में रुकें, या चाहें तो 1-2 घंटे पैदल या घोड़े से झील किनारे किसी होटल तक भी पहुँचा जा सकता है।

दिन 3: रारा ताल — झील और मुरमा टॉप

रारा नेशनल पार्क में सुबह जल्दी प्रवेश करें और प्रवेश द्वार पर टिकट खरीदें। टिकट शुल्क इस प्रकार है:

  • नेपाली नागरिक: NPR 100
  • सार्क देशों के नागरिक (भारत सहित): NPR 1,500
  • अन्य विदेशी नागरिक: NPR 3,000

प्रवेश द्वार से रारा झील तक पैदल दूरी लगभग 1-1.5 घंटे की है। चाहें तो घोड़े से भी जा सकते हैं (एकतरफ़ा शुल्क NPR 1,500), जो लगभग 40 मिनट में झील के दक्षिणी छोर तक पहुँचा देता है।

झील का आनंद लें, किनारे टहलें, और बोटिंग करके दूसरी तरफ़ जाएँ (शुल्क एकतरफ़ा NPR 500)। बोटिंग सिर्फ़ सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक ही होती है, क्योंकि दोपहर बाद तेज़ हवाओं से झील में लहरें उठने लगती हैं, जिससे बोटिंग ख़तरनाक हो जाती है।

मुरमा टॉप से रारा ताल

झील के दूसरी तरफ़ होटल हैं जहाँ खाना-नाश्ता किया जा सकता है। इसके बाद मुरमा टॉप की चढ़ाई करें — यहाँ से झील का सबसे शानदार नज़ारा दिखता है।

मुरमा टॉप, या मुर्मा सिरान, रारा झील के किनारे लगभग 3,600 मीटर पर स्थित पहाड़ की चोटी है, जहाँ से पूरी झील एक साथ देखी जा सकती है। यहाँ से झील का पानी सूरज की रोशनी और आकाश के प्रतिबिंब की वजह से कभी गहरा नीला, कभी हरा — अलग-अलग रंगों में बदलता दिखता है। मुरमा टॉप से पूरा रारा नेशनल पार्क और चारों ओर बर्फ़ से ढके पहाड़ भी दिखते हैं।

मुरमा टॉप पर मैं और पीछे विशाल रारा ताल

नोट: साथ में पानी और खाना ज़रूर रखें, खाली पेट यह चढ़ाई मुश्किल हो सकती है। थकान ज़्यादा हो तो घोड़े की सवारी भी ली जा सकती है।

दिन 4: रारा से जुमला (वैकल्पिक पड़ाव)

चौथे दिन रारा से वापसी के लिए निकलें। मेरा सुझाव है कि वापसी में एक दिन जुमला में ज़रूर रुकें — जुमला शहर नाग्मा से करीब 30 किलोमीटर दूर है और वहाँ पहुँचने में लगभग 40 मिनट लगते हैं। यहाँ की सड़क अच्छी है और यह एक बड़ा, सुविधाजनक शहर है।

जुमला शहर का दृश्य, नवंबर 2026

जुमला घाटी में सीढ़ीदार खेतों के बीच बहती नदी, प्रसिद्ध चंदननाथ मंदिर, एक बौद्ध मठ, सेब के बागान, जुमला एयरपोर्ट और तातोपानी नाम का एक गर्म पानी का स्रोत देखने को मिलते हैं।

जुमला का रास्ता

दिन 5: सुर्खेत तक

अगर आप जुमला नहीं जाना चाहते, तो रारा से सीधे नाग्मा, मान्मा, राकम कर्णाली, दैलेख होते हुए देर रात तक सुर्खेत पहुँचा जा सकता है। ख़राब सड़क और दूरी को देखते हुए, लगातार चलने के बावजूद इस दिन अधिकतम सुर्खेत तक ही पहुँचा जा सकता है — वहीं किसी होटल में रात्रि विश्राम करें।

दैलेख और सुर्खेत के बीच पड़ने वाले जंगल के रास्ते पर रात में अकेले न चलें, वहाँ जंगली जानवरों का ख़तरा रहता है।

दिन 6: सुर्खेत से रुपैडिहा बॉर्डर

सुर्खेत से छिन्चु, नेपालगंज होते हुए रुपैडिहा बॉर्डर तक की दूरी लगभग 80 किलोमीटर है। सुबह 8 बजे निकलें तो लगभग 2 घंटे में बॉर्डर पहुँच जाएँगे।

अनुमानित बजट (एक व्यक्ति, 6 दिन)

  • भन्सार परमिट (200 × 6 दिन): NPR 1,200
  • रारा नेशनल पार्क एंट्री: NPR 1,500
  • बोटिंग: NPR 500
  • होटल (1,000 × 5 रात): NPR 5,000
  • खाना-पीना (1,000 × 6 दिन): NPR 6,000
  • ईंधन (लगभग 780 किमी, 22 लीटर): NPR 4,000
  • अन्य खर्चे: NPR 3,000

कुल न्यूनतम बजट लगभग NPR 21,200, यानी करीब ₹13,250 भारतीय रुपया प्रति व्यक्ति। दो लोगों में होटल का खर्च बँटने पर यह और कम हो जाता है।

ज़रूरी बातें

  • नेपाल में शनिवार साप्ताहिक छुट्टी है, उस दिन बैंक में करेंसी एक्सचेंज न कराएँ
  • साईन बोर्ड और माइलस्टोन देवनागरी में लिखे मिलते हैं
  • नेपाल में विक्रम संवत् कैलेंडर चलता है, जो अंग्रेज़ी कैलेंडर से 57 साल आगे है
  • स्पीड लिमिट बोर्ड नहीं दिखेगा, पर कैमरे से चालान कट सकता है — रफ़्तार 60 किमी/घंटा के अंदर रखें
  • भन्सार परमिट और दस्तावेज़ हमेशा साथ रखें, रास्ते में सेना-पुलिस चेकपॉइंट मिलते हैं
  • 3,000 मीटर से ऊपर हल्का सिरदर्द सामान्य है, धीरे चलें और हाइड्रेटेड रहें

आशा है कि रारा ताल यात्रा के लिए ज़रूरी सारी जानकारी मिल गई होगी। कोई सवाल हो तो कमेंट में पूछ सकते हैं। धन्यवाद!

कीवर्ड्स: रारा ताल कैसे पहुँचें, रारा झील नेपाल यात्रा, नेपालगंज से रारा ताल, बाइक से रारा ताल, रारा नेशनल पार्क परमिट, रुपैडिहा बॉर्डर परमिट, तल्चा एयरपोर्ट फ्लाइट

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *